अलवर , सितम्बर 03 -- राजस्थान के बीकानेर में कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन लाल मेघवाल के साथ मारपीट की घटना को लेकर विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किये हैं।

श्री जूली ने गुरुवार को यहां कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन का अपराधियों में कोई खौफ नहीं रह गया है, यही वजह है कि अब पुलिस सेवा से जुड़े रहे वरिष्ठ अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक या वैचारिक मतभेदों का जवाब हिंसा और मारपीट से देना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

श्री जूली ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों और पदाधिकारियों के संरक्षण में इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने सरकार से हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि अपराधियों पर तत्काल सख्ती नहीं हुई तो राज्य में अराजकता का माहौल और गंभीर हो सकता है।

कांग्रेस ने अपने जिलाध्यक्ष मदन लाल मेघवाल की पिटाई के मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाते हुए भाजपा पर हमला बोल दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित