टिहरी , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले के दूरस्थ क्षेत्र मदन नेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। उप तहसील मदन नेगी, पट्टी धारमण्डल के ग्राम जलवाल गाँव मल्ला (डाकघर मदन नेगी) में यह विद्यालय संचालित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
मंगलवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय के खुलने से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि अब स्थानीय छात्रों को प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 27 दिसंबर 2024 को देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को मंजूरी दी थी। इसी क्रम में टिहरी गढ़वाल को भी यह सौगात मिली है। केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा जारी आदेश के तहत विद्यालय का संचालन सत्र 2026-27 से शुरू किया जाएगा।
अतिरिक्त आयुक्त प्रशासन दीपेश गहलोत द्वारा विद्यालय को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। विद्यालय के लिए आवश्यक भूमि संबंधित प्रायोजक प्राधिकरण द्वारा केंद्रीय विद्यालय संगठन को हस्तांतरित कर दी गई है, जबकि अस्थायी भवन को भी संचालन हेतु उपयुक्त पाया गया है। सभी आवश्यक औपचारिकताओं के पूर्ण होने के बाद विद्यालय को शुरू करने की अनुमति दे दी गई है।
प्रारंभिक चरण में कक्षा पहली से पांचवीं तक की पढ़ाई शुरू की जाएगी, जिसमें प्रत्येक कक्षा में एक-एक अनुभाग संचालित होगा। भविष्य में आवश्यकतानुसार विद्यालय का विस्तार भी किया जाएगा।
केंद्रीय विद्यालय नई टिहरी के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी प्रदीप चंद्र थपलियाल ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया सहित शेष औपचारिकताएं अगले 30 दिनों में पूर्ण कर ली जाएंगी।
इस पहल से क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित