मथुरा , जनवरी 16 -- मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात चार साल के मासूम के अपहरण पर त्वरित कार्रवाई करते हुये राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने वारदात के महज 14 घंटे के भीतर अपहृत को न सिर्फ मुक्त कराया बल्कि आरोपी को भी दबोच कर सलाखों के पीछे डाल दिया।

पुलिस ने बताया कि 15 जनवरी को पीड़ित पिता ने जीआरपी थाने में सूचना दी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके चार साल के बेटे को गोद में उठाकर ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी मथुरा जंक्शन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा के निर्देशन में गठित टीम ने स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने धौली प्याऊ क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की और अभियुक्त बबली माहौर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजस्थान के भरतपुर जिले के थाना अटलबंध क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

जीआरपी टीम ने मासूम बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द किया, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, आरपीएफ प्रभारी उपदेश कुमार कौशिक और उनकी संयुक्त टीम शामिल रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित