मथुरा , अक्टूबर 25 -- मथुरा जनपद के थाना हाईवे पुलिस ने टप्पेबाजी और धोखाधड़ी कर महिलाओं को अपने जाल में फंसाने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त लोकेन्द्र पुत्र श्री लक्ष्मण (निवासी- नगला सुखा, थाना मुरसान, जनपद हाथरस, उम्र करीब 32 वर्ष) शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। वह पहले सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता था। इसके बाद वह महिलाओं को उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ भड़काता था, जिससे उनके पारिवारिक संबंधों में अविश्वास पैदा हो जाता था। महिलाओं को डराकर और गुमराह कर वह धोखाधड़ी से उनके कीमती आभूषण ठग लेता था।
वादी मुकदमा के लिखित प्रार्थना पत्र पर थाना हाईवे पर पूर्व में ही मु0अ0सं0 1044/2026 धारा 318(4)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पुलिस टीम अभियुक्त की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की खास सूचना पर दिनांक 25.10.2026 को दोपहर 1.44 बजे थाना हाईवे पुलिस ने माल गोदाम रोड, मथुरा से आरोपी लोकेन्द्र को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से ठगे गए आभूषणों में पीली धातु की एक कण्ठी मय चैन (फूलुनामा आकृति बनी हुई), पीली धातु की एक चैन मय ओम लोकेट, पीली धातु की एक अंगूठी (पीछे अंदर की तरफ अंग्रेजी में 'MS' अंकित), एक जोड़ी पीली धातु के कान के टॉप्स (यू आकार), पीली धातु का एक लॉक (जिस पर '18K' अंकित है), पीली धातु का एक हार मय एक जोड़ी कान के टॉप्स, पीली धातु के 4 कंगन/चूडियां तथा पीली धातु का एक मंगलसूत्र (पीछे 'AM85' अंकित और काले मोतियोंनुमा चैन सहित) बरामद हुआ है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिनमें मु0अ0सं0 1044/2026 धारा 318(4)/317(2) बीएनएस, थाना हाईवे, जनपद मथुरा, मु0अ0सं0 79/2026 धारा 196(1)/302 बीएनएस, थाना हाथरस जंक्शन, जनपद हाथरस और मु0अ0सं0 102/2024 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट, थाना मुरसान, जनपद हाथरस शामिल हैं।
इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार निर्वाल, निरीक्षक तेजवीर सिंह, उ0नि0 रोहित उज्जवल, उ0नि0 उमंग त्यागी, का0 692 सूरज पाल तथा का0 1566 मोहित शर्मा (सभी थाना हाईवे, मथुरा) शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित