मथुरा , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में थाना कोतवाली क्षेत्र की चूना कंकड़ वाली गली में 24 अक्टूबर की रात हुई वृद्ध महिला की हत्या और लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए 19 वर्षीय पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया है।
आरोपी महिला के घर नियमित रूप से आता-जाता था और उन्हें 'अम्मा' कहकर बुलाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने और पीली धातु के आभूषण, मोबाइल फोन और 16,600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरत पुत्र सोनू निवासी मकान संख्या 443, चूना कंकड़ वाली गली, थाना कोतवाली, मथुरा के रूप में हुई है। उसे 29 अक्टूबर की रात करीब 10:27 बजे घटनास्थल के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वृद्ध महिला के घर पहले से आता-जाता था। नवरात्र के दौरान वह अपनी बहन के साथ कन्या-लांगुर भोजन के लिए उनके घर गया था। उसी दौरान उसकी नजर घर में रखी तिजोरी और जेवरों पर पड़ी, जिसके बाद उसने चोरी की योजना बना ली। पुलिस के मुताबिक, वारदात से पहले उसने गूगल पर बेहोशी के इंजेक्शन और तमंचे से संबंधित जानकारी भी खोजी थी।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे आरोपी महिला के घर पहुंचा और दरवाजे की घंटी बजाई। उसने छत पर कपड़ा गिरने का बहाना बनाया। महिला जब छत की चाबी लेकर उसे ऊपर ले जाने लगीं, तभी आरोपी ने सीढ़ियों पर पड़ी ईंट उठाकर उनके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह महिला के पहने हुए जेवर और कमरे में रखे बैग में रखे आभूषण लेकर फरार हो गया। घर पहुंचकर उसने कपड़े बदले और सो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 कंगन, तीन अंगूठियां, दो लॉकेट, 27 कान के टॉप्स, एक नोज पिन, तीन अन्य आभूषण, एक मिश्रित धातु की अंगूठी, आसमानी रंग का मोटो जी-57 पावर मोबाइल फोन और 16,600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई थाना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित