मथुरा , मई 29 -- मथुरा शहर के एक प्रमुख रेडीमेड परिधान शोरूम में शुक्रवार को दो पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट और हंगामा हो गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और ग्राहकों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान कुछ युवक एक ऐसी गाड़ी से मौके पर पहुंचे, जिस पर "भाजपा अध्यक्ष जिला पंचायत मथुरा" लिखा हुआ था। घटना के बाद यह वाहन चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक पहचान के आधार पर कोई राहत नहीं दी जाएगी।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद आपसी कहासुनी से शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें युवकों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित