मथुरा , जून 12 -- खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मथुरा जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए मसालों और दूध के 12 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए, जबकि 218 किलोग्राम संदिग्ध लाल मिर्च पाउडर जब्त कर लिया। सहायक आयुक्त (खाद्य) धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने राया, इंडस्ट्रियल एरिया, ट्रांसपोर्ट नगर और कोसीकलां क्षेत्र में छापेमारी की। राया में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने लाल मिर्च और हल्दी पाउडर के नमूने लिए तथा करीब 218 किलोग्राम संदिग्ध लाल मिर्च पाउडर, जिसकी अनुमानित कीमत 47,960 रुपये है, को सीज कर संबंधित कारोबारी की अभिरक्षा में सौंप दिया।
अभियान के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया से मिर्च पाउडर, ट्रांसपोर्ट नगर से धनिया और मिर्च पाउडर तथा कोसीकलां से धनिया पाउडर, मटर पनीर मसाला मिक्स, जीरा और मिश्रित दूध के दो नमूने लिए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि सभी 12 नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में मिलावटखोरों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित