मथुरा , सितंबर 5 -- राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के स्थानीय नेताओं की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने शनिवार को अपना पक्ष रखते हुए कहा कि रालोद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सहयोगी दल है और वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने रालोद नेतृत्व के खिलाफ किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार करते हुए विवाद को बेबुनियाद बताया।
पत्रकारों से बातचीत में श्री चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का महत्वपूर्ण सहयोगी दल है। जयंत चौधरी केंद्र सरकार में मंत्री हैं और उनके प्रति उनके मन में पूरा सम्मान है। उन्होंने रालोद नेतृत्व के खिलाफ अभद्र अथवा विरोधी टिप्पणी किए जाने के आरोपों को खारिज किया।
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की तारीफ करने और उनके प्रति नरम रुख रखने के आरोपों पर मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव स्वयं जानते हैं कि भाजपा में उनकी नीतियों की सबसे अधिक व्यंग्यात्मक और तीखी आलोचना करने वालों में वह भी शामिल हैं।
छाता विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के संबंध में उन्होंने कहा कि यदि जनता का व्यापक समर्थन विरोध के पक्ष में होता तो बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरते। उन्होंने दावा किया कि विरोध प्रदर्शनों में 500 लोग भी एकत्र नहीं हो पा रहे हैं।
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे और छाता सीट पर दावेदारी के सवाल पर श्री चौधरी ने कहा कि सीटों के बंटवारे का निर्णय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संगठन को करना है। उन्होंने कहा कि मथुरा जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक हैं और अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में शीर्ष नेतृत्व का हर निर्णय उनके लिए सर्वोपरि होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित