मथुरा , मई 28 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के थाना हाईवे क्षेत्र में गुरुवार को भंडारा लगाने और परिक्रमार्थियों की सेवा को लेकर दो पक्षों के बीच हुये खूनी संघर्ष में छह लोग घायल हो गये। पुलिस ने मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नगर निगम के वार्ड संख्या 59 अंतर्गत महोली गांव में पार्षद प्रतिनिधि राजवीर सिंह और स्थानीय निवासी चंद्रपाल के बीच पिछले छह महीने से रंजिश चली आ रही थी। बुधवार को भी दोनों पक्षों में मोटरसाइकिल टकराने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें ईंट-पत्थर चले थे। बताया गया कि गुरुवार को अधिक मास की परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए चंद्रपाल पक्ष ने प्याऊ लगाया था। इसी दौरान राजवीर पक्ष भी वहां पहुंच गया और केला सहित अन्य खाद्य सामग्री बांटने लगा। भंडारा लगाने और सेवा करने की होड़ को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिक्रमार्थियों सहित ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। करीब आधे घंटे तक चले बवाल में गोली लगने और पथराव से छह लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार और पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया तथा कुछ अवैध असलहे भी बरामद किए हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग तमंचे लहराते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस के पास घटना के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो उपलब्ध हैं, जिनके आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित