मथुरा , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले की जैंत थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने वृंदावन के सुनरख क्षेत्र में एक बुजुर्ग श्रद्धालु के फ्लैट से हुई करीब 2.90 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.60 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, चोरी की रकम से खरीदी गई एक लग्जरी कार, घटना में प्रयुक्त वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, महंगे मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मंगलवार को बताया कि गुजरात के गांधीनगर निवासी राकेश प्रजापति पत्नी की मृत्यु के बाद करीब 18 वर्ष से अकेले रह रहे थे। प्रजापति ने गुजरात स्थित अपनी संपत्तियां बेचकर वृंदावन के सुनरख क्षेत्र में फ्लैट खरीद लिया और वहीं रहने लगे।
पुलिस के अनुसार पड़ोस में गेस्ट हाउस संचालित करने वाले आलोक और राजन ने राकेश प्रजापति से निकटता बढ़ाई। उनकी आर्थिक स्थिति की जानकारी होने पर दोनों ने अपने साथियों प्रेम सागर और हिरेन के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि घटना के दिन आलोक, राकेश प्रजापति को कुटिया के लिए जमीन दिखाने के बहाने मांट क्षेत्र ले गया। इसी दौरान उसके तीन साथियों ने फ्लैट का ताला तोड़कर अलमारी और दीवान में रखी लगभग 2 करोड़ 90 लाख 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद आरोपियों ने आलोक को छिपा दिया और पीड़ित को झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देकर शिकायत करने से रोकने का प्रयास किया। बाद में पीड़ित ने जैंत थाने में मामला दर्ज कराया।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने सुनरख रोड से एनएच-19 की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर राजन निवासी फरीदाबाद (हरियाणा), आलोक निवासी कुशीनगर (उत्तर प्रदेश), प्रेम सागर तथा हिरेन, दोनों निवासी सूरत (गुजरात) को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल दो करोड़ 60 लाख 12 हजार रुपये की नकदी, चोरी की रकम से खरीदी गई फॉक्सवैगन कार, घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार, सोने-चांदी के आभूषण, आईफोन, सैमसंग और वीवो के मोबाइल फोन, ब्रांडेड कपड़े तथा अन्य सामान बरामद किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित