मथुरा , मई 6 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के बलदेव ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर के शिक्षकों ने विद्यार्थियों की पढ़ाई में संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए स्कूल परिसर में 'स्टेशनरी बैंक' की स्थापना की है। इस पहल के तहत अब विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को कॉपी, पेंसिल, पेन, रबर, कलर, कटर, पहाड़े और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर छात्र-छात्राएं स्वयं इस बैंक से सामग्री लेकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार परिषदीय स्कूलों में सरकार द्वारा किताबें, ड्रेस, जूते और बस्ते तो उपलब्ध कराए जाते हैं, लेकिन कॉपी-पेंसिल जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कमी अक्सर बच्चों की पढ़ाई में बाधा बनती है। अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, जिससे कई बार वे स्कूल आने से भी कतराते हैं।

'स्टेशनरी बैंक' का शुभारंभ अग्रवाल समाज संगठन के अध्यक्ष एवं उद्योगपति उमेश अग्रवाल तथा होटल विरासत के निदेशक मोहित गोयल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी बच्चे की पढ़ाई संसाधनों के अभाव में बाधित न हो और शिक्षा के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़े।

इस अवसर पर उमेश अग्रवाल ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद छात्र मुख्यधारा में बने रहेंगे। वहीं मोहित गोयल ने बताया कि आगे के चरण में मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में संजीव अग्रवाल, हरिओम अग्रवाल, धर्मेंद्र उपाध्याय, कन्हैया अग्रवाल, अचल कुमार, प्रेमचंद, गीता सक्सेना, बिंदु शर्मा, पूजा रानी, ममता रानी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित