मथुरा , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना पुल पर एक स्कूली बस धूं-धूं कर गयी, लेकिन गनीमत यह रही है कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चिंताहरण के पास यमुना पुल पर बलदेव पब्लिक स्कूल की बस में अचानक आग लग गई। इस दौरान वीआईपी ड्यूटी से लौट रहे मांट थाने के उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने समय रहते बस को रुकवाया और अपनी जान पर खेलकर करीब 30 विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

हैरानी की बात यह रही कि बस के पिछले हिस्से में आग लग चुकी थी, लेकिन ड्राइवर इससे बेखबर बस को तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दरोगा सत्येंद्र सिंह की नजर जलती बस पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी को बस के आगे लगाकर उसे ओवरटेक कर रुकवाया। बस रुकते ही स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। दरोगा ने तत्परता दिखाते हुए कई बच्चों को अपनी ही गाड़ी से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित