मथुरा , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा में साइबर पुलिस ने जनधन खातों के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बैंक कर्मी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की कृष्णा नगर शाखा में कार्यरत संविदा कर्मचारी नीरज भी शामिल है। आरोप है कि वह लंबे समय से निष्क्रिय पड़े जनधन खातों की पहचान कर अपने साथियों के साथ मिलकर उनमें मोबाइल नंबर बदलवा देता था और फर्जी तरीके से एटीएम कार्ड व चेकबुक जारी करवा लेता था।
पूछताछ में पता चला कि गिरोह इन खातों का एटीएम, चेकबुक और क्यूआर कोड भरतपुर और जयपुर में बैठे अपने सहयोगियों को उपलब्ध कराता था, जहां इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम मंगाने के लिए किया जाता था। प्रति खाता गिरोह को करीब 25 हजार रुपये कमीशन मिलता था।
पुलिस ने हाईवे थाना क्षेत्र की बैकुंठ विहार कॉलोनी से रविवार सुबह कार्रवाई करते हुए नीरज (24), मुकुल सिंह (25), विक्रांत कुमार (23), पुष्पेंद्र उर्फ भूरा (24) और अनिकेत (23) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, सात एटीएम कार्ड, दो चेकबुक, एक बैंक पासबुक, एक क्यूआर कोड कार्ड और दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक रफत मजीद के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित