मथुरा , जून 27 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के मांट थाना क्षेत्र में मोहर्रम के अवसर पर वितरित की गई चिकन बिरयानी खाने के बाद दो हिंदू बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मांट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जावरा के मजरा नगला बरी में शुक्रवार को मोहर्रम के अवसर पर मुस्लिम समुदाय की ओर से बिरयानी वितरित की जा रही थी। इस दौरान वहां मौजूद कई बच्चे उसे प्रसाद समझकर खाने लगे। आरोप है कि इनमें कुछ गैर-मुस्लिम हिंदू बच्चे भी शामिल थे।
बताया गया कि बिरयानी खाने के कुछ समय बाद दो हिंदू बच्चों को जानकारी मिली कि वह चिकन बिरयानी थी। इसके बाद दोनों बच्चों को घबराहट होने लगी और उन्हें उल्टियां शुरू हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
घटना की सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित