मथुरा , मई 11 -- मथुरा नगर निगम की लापरवाही उस समय फिर सामने आई जब गोवर्धन चौराहे के पास खुले पड़े नाले में एक महिला अपनी तीन साल की मासूम बच्ची सहित गिर गई। गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार शालू सोनी पत्नी कृष्ण गोपाल सोनी निवासी कृष्ण विहार थाना कोतवाली मथुरा अपनी तीन वर्षीय बच्ची को गोद में लेकर गोवर्धन चौराहे के समीप टहल रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह बच्ची सहित खुले नाले में जा गिरीं। नाला काफी गहरा होने के कारण महिला और बच्ची डूबने लगीं तथा जोर-जोर से चीखने लगीं।
घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत कृष्णा नगर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी संजीव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिना देर किए नाले में गिरी मां-बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में महिला और बच्ची को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कुछ मिनट की भी देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि शहर में कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं, जहां से रोजाना लोगों का आवागमन रहता है, लेकिन नगर निगम द्वारा सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित