मथुरा , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गुरुवार को मिलावटखोरों के खिलाफ सघन जांच अभियान के क्रम में खाद्य सचल दल ने गोवर्धन, बरारी और रिफाइनरी क्षेत्र में स्थित विभिन्न आटा मिलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में सचल दल ने मैसर्स भोले शंकर राइस एंड जनरल मिल्स (कंचनपुरा, गोवर्धन), मैसर्स अग्रवाल ट्रेडर्स (बरसाना रोड, गोवर्धन), मैसर्स ओम एग्रोटेक (गोवर्धन), लक्ष्मी फ्लोर मिल (इंडस्ट्रियल एस्टेट, बरारी) और श्री गोवर्धन फ्लोर मिल (रिफाइनरी इंडस्ट्रियल एरिया, मथुरा) की जांच की। इन स्थानों से मैदा, सूजी (रवा), तंदूरी आटा और गेहूं के आटा का एक-एक नमूना एकत्र किया गया।
इसके साथ ही, बरसाना स्थित मिठाई दुकानों पर प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए पेड़ा के दो नमूने लिए गए। जांच के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित कर रखा गया लगभग 400 किलोग्राम पेड़ा मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि संग्रहित किए गए सभी 6 नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित