मथुरा , मार्च 30 -- खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में श्रद्धालुओं को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सख्त अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देश पर सोमवार को वृंदावन क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान श्री बांके बिहारी मंदिर के आसपास स्थित पेड़ा विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना शर्मा ने पेड़ा के तीन नमूने जांच के लिए लिए। वहीं विद्यापीठ चौराहा स्थित दुकानों से अधिकारियों धर्मेंद्र, रामनरेश और मोहर सिंह की टीम ने पेड़ा के तीन तथा मिल्क केक का एक नमूना संग्रहित किया। कुल सात खाद्य नमूनों को जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभाग के अनुसार मार्च 2026 में अब तक बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र से 12 पेड़ा के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे करीब 664 किलोग्राम दूषित पेड़ा को नष्ट कराया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित