लखनऊ , अप्रैल 14 -- मथुरा ब्रज स्टार ने 'टाटा कैपिटल यूपी प्रो हैंडबॉल लीग' के पहले सत्र का खिताब जीत लिया। मंगलवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले गए फाइनल में मथुरा ब्रज स्टार ने गोरखपुर राउडीज़ को 44-38 से पराजित किया।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा टाटा कैपिटल के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले हाफ की समाप्ति तक दोनों टीमें 21-21 की बराबरी पर थीं।
दूसरे हाफ में मथुरा ब्रज स्टार ने बेहतर रणनीति और तेज खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच पर नियंत्रण बना लिया और खिताब अपने नाम कर लिया। मथुरा की जीत में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोहिताश ने सर्वाधिक 14 गोल किए और उन्हें मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर चुना गया। रवि ने 11, निहाल ने आठ, याहिया ने छह, शिवा ने तीन और सूर्या ने दो गोल किए।
गोरखपुर राउडीज़ की ओर से मोहम्मद शूजा और कृष्ण ने 10-10 गोल किए। दीपक ने पांच, सुनील और पवन ने चार-चार तथा हैप्पी ने तीन गोल दागे।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं पूर्व रणजी क्रिकेटर मोहसिन रजा ने विजेता टीम को ट्रॉफी और दो लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। उपविजेता गोरखपुर राउडीज़ को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले मथुरा ब्रज स्टार के रोहिताश ने कुल 49 गोल किए। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द लीग' पुरस्कार के रूप में टीवीएस एक्सट्रीम 125 मोटरसाइकिल प्रदान की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित