नयी दिल्ली , अक्टूबर 09 -- पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ) में निर्मित वंदे भारत एक्सप्रेस मथुरा-नागदा रेलखंड पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफर तय की है।
रेलवे ने शुक्रवार को बताया कि 16 डिब्बों वाली वंदे भारत चेयर कार ट्रेन का गुरुवार को मथुरा-नागदा रेलखंड पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल परीक्षण पूरा किया गया। यह परीक्षण रेलवे सुरक्षा के मुख्य आयुक्त (सीसीआरएस) की निगरानी में किया गया।
रेलवे के अनुसार रेलवे विनिर्माण क्षेत्र में पंजाब लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्टरी इस दिशा में केंद्र सरकार की उस प्राथमिकता को दर्शाती है, जिसके तहत पंजाब को विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
रेलवे ने बताया कि आरसीएफ कपूरथला में निर्मित 16 डिब्बों वाली वंदे भारत चेयर कार ट्रेन में आधुनिक प्रणोदन प्रणाली लगी है। परीक्षण के दौरान ट्रेन की तेज गति से चलने की क्षमता, परिचालन दक्षता और सुरक्षा मानकों का आकलन किया गया। रेलवे सुरक्षा के मुख्य आयुक्त के निरीक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करना आधुनिक वंदे भारत ट्रेनों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह आधुनिक रेलवे विनिर्माण के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं को भी दर्शाता है।
आरसीएफ कपूरथला आधुनिक रेलवे कोच निर्माण के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित हो चुकी है। यहां वंदे भारत और अमृत भारत जैसी उन्नत ट्रेनों के लिए आधुनिक डिब्बों का निर्माण किया जाता है। इसकी विनिर्माण क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। यहां निर्मित रेलवे डिब्बों का निर्यात एशिया और अफ्रीका के विभिन्न देशों में किया गया है, जिससे वैश्विक रेलवे बाजार में भारत की उपस्थिति मजबूत हुई है।
रेलवे के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में आरसीएफ कपूरथला ने 2,383 डिब्बों का निर्माण किया है, जो वार्षिक उत्पादन का अब तक का रिकॉर्ड है। यह फैक्टरी की विनिर्माण यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित