धमतरी , अक्टूबर 09 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मतांतरण के लिए कथित रूप से दबाव बनाए जाने से परेशान युवक की आत्महत्या के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत ने उसकी पत्नी, सास-ससुर, साली सहित पांच को पांच-पांच वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।
न्यायालयीन अधिवक्ताओं के माध्यम से गुरुवार को यह जानकारी मिली। अधिवक्ताओं के अनुसार, मामला जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पोटियाडीह का है। यहां रहने वाले लीनेश कुमार साहू ने छह दिसंबर 2024 की रात 10:30 बजे से सात दिसंबर की सुबह करीब सात बजे के बीच अपने मकान के ऊपरी कमरे में वेंटिलेशन से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
घटना की जानकारी मृतक के चाचा खूबचंद साहू ने अर्जुनी थाने में दी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
इस प्रकरण में न्यायालय ने बीते दिन पत्नी सहित परिवार के पांच सदस्यों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को पांच-पांच वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित