मथुरा , जुलाई 18 -- मथुरा में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, विधायकों और सांसद प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। यह बैठक मतदेय स्थलों के आलेख्य प्रकाशन और उनके पुनर्गठन की प्रक्रिया को लेकर आयोजित की गई थी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, इस बार प्रति वर्ष की भांति 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया जा रहा है। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 4 जुलाई 2026 को मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन कर सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दिया गया था। इसके बाद शिकायत और सुझाव दर्ज कराने की अंतिम तिथि 16 जुलाई 2026 तय की गई थी, लेकिन इस अवधि तक किसी भी दल की ओर से कोई आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। इस क्रम में 4 जुलाई को प्रकाशित सूची को ही सर्वसम्मति से अंतिम रूप दे दिया गया है।
अब निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को शिकायतों व सुझावों के औपचारिक निस्तारण के बाद इस सूची को अंतिम रूप देकर 25 से 28 जुलाई के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा, जहां से 31 जुलाई को इसे अंतिम अनुमोदन के लिए भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित कर दिया जाएगा। वर्तमान में जनपद की पांचों विधानसभाओं में कुल 2247 मतदेय स्थल और 1107 मतदान केंद्र तय किए गए हैं। इसमें छाता विधानसभा में 416 मतदेय स्थल व 190 मतदान केंद्र, मांट में 458 मतदेय स्थल व 302 मतदान केंद्र, गोवर्धन में 397 मतदेय स्थल व 206 मतदान केंद्र, मथुरा में 495 मतदेय स्थल व 122 मतदान केंद्र तथा बल्देव (अ.जा.) में 481 मतदेय स्थल व 287 मतदान केंद्र शामिल हैं। भौतिक सत्यापन के दौरान जनपद में कुल 30 मतदेय स्थल जर्जर पाए गए हैं, जिनमें छाता में 5, मांट में 8, गोवर्धन में 8 और बल्देव में 9 भवन शामिल हैं, जिन्हें बदला जाएगा।
इस बैठक में बल्देव विधायक श्री पूरन प्रकाश, सांसद प्रतिनिधि श्री हेमंत अग्रवाल सहित भाजपा, कांग्रेस, सपा, आप और बसपा के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एसडीएम मांट चंद्र भूषण प्रताप, एसडीएम सदर मोहित कुमार, एसडीएम महावन प्राजक्ता त्रिपाठी सहित सभी तहसीलों के तहसीलदार मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित