सहारनपुर , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन के बाद तैयार की गई प्रस्तावित मतदान स्थल सूची पर सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा निर्वाचन अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान स्थलों के भवनों का स्थलीय सत्यापन कराया गया है। इसके आधार पर 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान स्थलों का विभाजन तथा कम मतदाता वाले मतदेय स्थलों का विलय किया गया है।

उन्होंने बताया कि विभाजन के उपरांत तैयार की गई प्रस्तावित मतदान स्थल सूची सभी सांसदों, विधायकों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं जिला सचिवों को चार जुलाई को भेजी जा चुकी है। इस पर सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि यदि प्रस्तावित सूची पर कोई सुझाव या आपत्ति हो तो उसे लिखित रूप में तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित उप जिलाधिकारियों से जांच कराकर 18 जुलाई तक सूची को अंतिम रूप दिया जा सके।

बैठक में बताया गया कि सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई और विधायक राजीव गुंबर की ओर से 40 मतदान केंद्रों में परिवर्तन का प्रस्ताव दिया गया है। सहारनपुर विधानसभा क्षेत्र में दो, नकुड़ विधानसभा क्षेत्र में सात तथा देवबंद विधानसभा क्षेत्र में 33 मतदान केंद्रों के परिवर्तन संबंधी आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों पर अन्य राजनीतिक दलों से 15 जुलाई तक आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिवर्तित मतदान स्थलों का निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) से पुनः गहन स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित