मुंबई , मई 23 -- महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शनिवार को कहा कि जो कोई भी मतदाता सूचियों में हेरफेर करके लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करेगा, उसे जेल जाना पड़ेगा।

श्री सपकाल का यह बयान विपक्षी 'महा विकास अघाड़ी' (एमवीए) के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम से मुलाकात करने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर आपत्ति जताने के एक दिन बाद आया है।

उन्होंने मध्य मुंबई के दादर इलाके में तिलक भवन में कांग्रेस की बैठक के बाद यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव आयोग की मदद से वोटों की चोरी करके महाराष्ट्र में सत्ता में आई। भाजपा ने मतदाताओं के नाम हटाकर बिहार और बंगाल में भी जीत हासिल की। मतदाता सूचियों के संशोधन के जरिए चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। जो लोग लोकतंत्र को खत्म करेंगे और मतदाता सूची से छेड़छाड़ करेंगे, उन्हें भविष्य में जेल जाना पड़ेगा।"बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य बालासाहेब थोरात और अन्य प्रमुख नेताओं, सांसदों तथा विधायकों ने की। बैठक में मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं, वोटों की चोरी और एसआईआर के मुद्दों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर एक प्रस्ताव भी पेश किया गया, जिसमें केरल विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई दी गयी। साथ ही केरल के प्रभारी रमेश चेन्निथला को गृह मंत्री के रूप में शपथ लेने पर और सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को भी बधाई दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित