शिमला , अक्टूबर 30 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर वोट काटे जाने के आरोपों को लेकर देश भर और हिमाचल प्रदेश के लोगों से एक नवंबर को नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में 'इंडिया' गठबंधन की आयोजित रैली में हिस्सा लेने की अपील की है। इसके साथ ही पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शुक्रवार को शिमला में जारी एक बयान में माकपा के हिमाचल प्रदेश राज्य सचिव संजय चौहान ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर 13.5 करोड़ से अधिक मतदाताओं को उनके संवैधानिक मताधिकार से वंचित कर दिया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संवैधानिक संस्था पर मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस कार्रवाई ने लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर किया है।

श्री चौहान ने कहा कि एक नवंबर की यह रैली संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए चलाए जा रहे व्यापक आंदोलन का हिस्सा है, जिसमें मजदूर, किसान, छात्र, युवा, महिला संगठन, नागरिक समाज के लोग और बुद्धिजीवी 'वोट चोरी' के खिलाफ आवाज उठाएंगे। उन्होंने बताया कि इस रैली में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश से सैकड़ों माकपा कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित