टोंक , जनवरी 21 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बुधवार को कहा कि मतदाता सूची से नाम काटने का कांग्रेस पार्टी कड़ा विरोध करेगी।

श्री पायलट ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि मतदाता सूची से नाम काटने की प्रदेश भर से शिकायतें आ रही है। सूची केअंतिम प्रकाशन से पहले बहुत गड़बड़ियां आ रही है तथा फार्म 7 जमा कराने के बाद वाजिब मतदाता के नाम काटे जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी बनती है कि निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई को अंजाम दे।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दुर्भावना रखकर यह किया जा रहा है। यदि नाम काटने का काम करेंगे तो कांग्रेस पार्टी इसका कड़ा विरोध करेगी । वोट चोरी की संभावना का कांग्रेस डटकर विरोध करेगी।

मनरेगा का नाम बदलने पर कहा कि नाम और स्कीम बदलने को सब गलत मान रहे है और मनरेगा गरीबों के पास एक मात्र सुरक्षा कवच था। गरीब तबके को संविधान ने 100 दिन का रोजगार दिया उसको छीना। केंद्र सरकार इस स्कीम को खत्म करना चाहती है इसलिए इसका बजट 60-40 कर दिया। ऐसा पहली बार हुआ है कि गांधीजी के नाम पर बनी स्कीम बदलना चाहते है। मनरेगा को खत्म करने का सरकार ने जो काम किया है इसका विरोध करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित