जौनपुर , जून 16 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद ने मंगलवार को केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर चुनावी लाभ लेने की कोशिश कर रही है लेकिन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका माकूल जवाब देगी।

कांग्रेस के पूर्व विधायक जावेद ने मंगलवार को अपने जौनपुर स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में लाखों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये गये। उनका आरोप था कि इसी रणनीति के जरिए भाजपा ने पहले बिहार में चुनावी बढ़त हासिल की और अब पश्चिम बंगाल में भी राजनीतिक लाभ लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर केंद्र सरकार के दबाव में कार्य करने के आरोप लग रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

श्री जावेद ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में शामिल न होने वाले नेताओं और विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी संस्थाओं के माध्यम से डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने की यह नीति लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने अयोध्या स्थित राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे के धन के प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि चढ़ावे की राशि में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं।

पूर्व विधायक ने दावा किया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जिस तरह जनता ने भाजपा को झटका दिया, उसी तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को स्पष्ट जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन 218 से अधिक सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगा।

प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए श्री जावेद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या, लूट, डकैती और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। साथ ही भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है और युवाओं के सामने बेरोजगारी की गंभीर समस्या खड़ी है। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों से परेशान है और आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन का मन बना चुकी है। नदीम जावेद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जौनपुर की नौ सीटों में तीन सीट मांग रही है लेकिन दो सीटें मिलेंगी। वह कौन सीट है जिस पर कांग्रेस दावेदारी कर रही हैं इसका अभी खुलासा नहीं किया।

पत्रकार वार्ता के दौरान सत्यवीर सिंह , नगर अध्यक्ष आरिफ खान समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित