बैतूल , अक्टूबर 07 -- विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए बैतूल जिले में 07 से 09 अक्टूबर तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में मतदाता सूची का सत्यापन करने के साथ पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अभियान में मतदाता सूची से छूटे नागरिकों के अलावा पहली बार 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं तथा 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले भावी मतदाताओं के नाम भी दर्ज किए जाएंगे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने नागरिकों से निर्धारित तिथियों में अपने मतदान केंद्र पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से मतदाता सूची का अवलोकन करने की अपील की है। पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर बीएलओ को जमा किया जा सकता है।
नागरिक निर्वाचन आयोग के पोर्टल और ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। इन माध्यमों से मतदाता परिचय पत्र क्रमांक के जरिए सूची में अपना नाम दर्ज होने की स्थिति भी जांची जा सकती है। जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अभियान के दौरान मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन कराने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित