होशियारपुर , सितंबर 28 -- पंजाब में होशियारपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जिला प्रशासनिक परिसर (डीएसी) के बाहर प्रदर्शन कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
करीब एक घंटे चले प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और श्री ज्ञानेश कुमार के अलग-अलग पुतले फूंके तथा नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दलजीत सिंह गिलजियां ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों से बड़ी संख्या में नाम हटाये जाने के कारण करीब 13.8 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम हटाये गये, उन्हें अपना पक्ष रखने और मताधिकार सुरक्षित रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया।
श्री गिलजियां ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और कुमार के नेतृत्व में आयोग केंद्र सरकार के साथ मिलकर चुनाव प्रभावित करने का काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने आरोपों के समर्थन में साक्ष्य भी दिये हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि आयोग के दो अन्य निर्वाचन आयुक्तों ने कुमार के कामकाज को लेकर आपत्तियां की हैं। निर्वाचन आयोग की आधिकारिक सूची में सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी निर्वाचन आयुक्त के रूप में दर्ज हैं।
कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मामले में हस्तक्षेप कर कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष संगत सिंह गिलजियां, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमरप्रीत लल्ली, पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, पूर्व विधायक पवन कुमार आदिया, अरुण डोगरा,इंदु बाला और लव कुमार गोल्डी समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित