चंडीगढ़ , जुलाई 15 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग और पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को विस्तृत शिकायत भेजी है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि चुनाव संबंधी कार्य में लगे कुछ अधिकारी और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) निर्धारित प्रक्रिया से हटकर काम कर रहे हैं। अपने पत्र में आरोप लगाया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में कुछ अधिकारी मतदाता सूची पुनरीक्षण की आड़ में पंजाब सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एकत्र कर रहे हैं और लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
भाजपा का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियां निर्वाचन आयोग के विशेष पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य के विपरीत हैं और पूरी तरह अनुचित हैं। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर बीएलओ किरायेदार मतदाताओं से पंजीकृत किरायानामा या मकान मालिक का शपथपत्र जैसे ऐसे दस्तावेज मांग रहे हैं, जिनका निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों में कोई प्रावधान नहीं है। इससे आम मतदाताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान निर्धारित दायरे से बाहर जाकर जानकारी जुटाने और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में कथित रूप से शामिल अधिकारियों की तत्काल जांच कर उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाये।
पार्टी ने यह भी मांग की है कि किरायेदार मतदाताओं से अनधिकृत दस्तावेज मांगने की प्रथा पर तत्काल रोक लगाई जाये तथा सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बीएलओ को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि मतदाताओं से केवल निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज ही मांगे जायें।
श्री ढिल्लों ने कहा कि यह मामला जनहित और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से अपील की कि विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, मतदाता हितैषी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित