चंडीगढ़ , मई 15 -- हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद कांग्रेस ने अपनी राज्य स्तरीय कार्रवाई एवं निगरानी समिति का विस्तार किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि समिति में विधायक अशोक अरोड़ा, चौधरी आफताब अहमद और चंद्र प्रकाश, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल व डॉ. एमएल रंगा, धर्मवीर गोयत, रिटायर्ड आईएएस विनय यादव, एडवोकेट बिजेंद्र रंगा व मोहन ढिल्लों तथा सुरेन्द्र शर्मा को शामिल किया गया है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पहले इस समिति में उनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक भारत भूषण बत्रा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल व प्रफुल्ल गुडधे तथा एडवोकेट रणधीर सिंह राणा शामिल थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी मतदाता सूचियों की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी और पूरी प्रक्रिया पर सतर्क निगरानी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित