कपूरथला , जुलाई 18 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश बंसल ने विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले 27 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सम्मानित किया है।
सम्मानित किए गए बीएलओ में अभिषेक, सुरजीत सिंह, प्रीत हरविंदर सिंह, भूपिंदर कौर, मोहम्मद यासीन अंसारी, अत्तिंदर पाल सिंह, अमनदीप, मोनिका, सीमा रानी, शालू सूद, कपिल नाहल, निशांत कुमार, परमजीत सिंह, शिखा, मीनू, बिक्रमजीत सिंह, टोनी कौरा, शरणजोत सिंह, प्रदीप कुमार, हरप्रीत कौर, विजय कुमार गुप्ता, मनजीत सिंह, अश्विनी ग्रोवर, रामनदीप सिंह, जसवंत कुमार, मीना कुमारी और ज्योति रानी शामिल हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी सम्मानित बीएलओ को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और कार्यकुशलता जिले के अन्य बूथ लेवल अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शेष बीएलओ से भी अपील की कि वे लंबित फॉर्मों का डिजिटाइजेशन तेजी से पूरा करें, ताकि निर्धारित समय सीमा से पहले जिला 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर सके।
उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों के लिए मतदाता सूचियों का समय पर और सटीक तैयार होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के लिए कुल 791 बूथ लेवल अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो घर-घर जाकर मतदाता विवरण का सत्यापन और अद्यतन करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से भी अपील की कि वे जारी पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों का पूरा सहयोग करें और अपने मतदाता संबंधी विवरण सही ढंग से अद्यतन कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में योगदान दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित