कपूरथला , जुलाई 16 -- पंजाब में कपूरथला जिला चुनाव अधिकारी एवं उपायुक्त आकाश बंसल ने गुरुवार को बताया कि चुनाव आयोग ने राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर) कार्यक्रम का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।
उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 25 जून से शुरू हुआ बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन अब तीन अगस्त तक जारी रहेगा।
उपायुक्त ने बताया कि 13 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता 13 अगस्त से 12 सितंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि दावों और आपत्तियों पर नोटिस जारी करने तथा उनके निपटारे की प्रक्रिया आठ अक्टूबर तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी बंसल ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान बीएलओ का पूरा सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि मतदाता सूची में उनका नाम तथा अन्य विवरण सही, पूर्ण और अद्यतन हों।उन्होंने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित अवधि के दौरान दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं, ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक, व्यापक और त्रुटिरहित बनाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित