नयी दिल्ली , अक्टूबर 31 -- लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष तथा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीरा कुमार ने कहा है कि मतदाता को वोट देने से रोकना लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाता है और मतदाता सूची से अनुचित तरीके से नाम हटाये जाने के खिलाफ इंडिया गठबंधन की ओर से आज यहां आयोजित यह मॉक संसद जनतंत्र पर हो रही चोट का जवाब है।

श्रीमती कुमार ने शनिवार को यहां कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित मॉक संसद की अध्यक्षता करते हुए कहा कि वह इस आयोजन से अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से राजनीति में हैं और पांच वर्ष तक लोकसभा की अध्यक्ष रही हैं लेकिन उन्होंने ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं देखा, जिसमें किसी तरह का विरोध नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन की कल्पना अद्भुत थी और इस तरह की सभा का आयोजन लगभग असंभव था। यह एक अलग सोच का परिणाम है। उन्होंने कविता सुनायी जिसका भाव था कि यह रात है, इस रात का अंत होना ही है तथा सुबह का सूरज उगना ही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनतंत्र पर की जा रही चोट का जवाब है।

श्रीमती मीरा कुमार ने कहा कि इस सभा में नागरिक समाज के प्रतिनिधि, इंडिया गठबंधन के लोकसभा और राज्यसभा सदस्य तथा मतदाता सूची से अनुचित तरीके से नाम हटाये जाने से प्रभावित लोग मौजूद हैं जो अपने विचार व्यक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में कई देश भारतीय लोकतंत्र का अनुसरण करते हैं और हमारा लोकतंत्र समता के सिद्धांत पर आधारित है, जिसमें सभी जाति, धर्म और लिंग के लोगों को समान रूप से वोट देने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि हमारा लोकतंत्र चुनाव की ताकत से चलता है और चुनाव की ताकत के केंद्र में मतदाता होता है। यदि किसी मतदाता को वोट देने से रोक दिया जाता है, तो इससे लोकतंत्र को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि झोपड़ियों में रहने वाले गरीब लोग भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर देश की किस्मत का फैसला करते हैं और यह भारतीय लोकतंत्र की बहुत बड़ी उपलब्धि है।

श्रीमती मीरा कुमार ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ऐसे मामले सामने आये हैं जिनमें मतदाता सूची में दर्ज लोगों के नाम अनुचित तरीके से हटा दिये जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इंडिया गठबंधन इस मुद्दे पर सवाल उठाता है तो उसे कोई जवाब नहीं मिलता और न ही जवाबदेही तय होती है। इसी के विरोध में इंडिया गठबंधन ने यह सभा आयोजित की गई है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए महाभियोग का प्रस्ताव लाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित