इंफाल , फरवरी 14 -- मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को राज्य के विभिन्न जिलों में समन्वित अभियान चलाकर हथियार और विस्फोटक बरामद किए और कई उग्रवादियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की ओर से शनिवार को दी गयी जानकारी के मुताबिक पुलिस ने अपने अभियान में अवैध शराब जब्त की, चोरी का वाहन बरामद किया तथा अवैध पोस्ता (अफीम) की खेती को नष्ट किया।
तेंगनौपाल जिले में माची थाना क्षेत्र के खुलसाइबुंग पहाड़ी क्षेत्र से हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया। जब्त सामान में एक सिंगल बैरल बंदूक, दो पिस्तौल मैगजीन सहित कई हथियार शामिल हैं।
बिष्णुपुर जिले के केइबुल लमजाओ थाना क्षेत्र के मोइरांग खुनौ माखा लीकाई से प्रतिबंधित संगठन के एक सक्रिय कैडर को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। इसी तरह अलग-अलग अभियानों में एक अन्य प्रतिबंधित संगठन के दो सक्रिय सदस्यों को इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिलों के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित