इंफाल , अगस्त 14 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद के साथ 12 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि गुरुवार को सेनापति पुलिस थाना अंतर्गत आने वाले कैलेनजंग गांव में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने पांच एसबीबीएल बंदूकें, एक 9 एमएम पिस्तौल, चीन के दो हथगोले, अलग-अलग कैलिबर के 13 राउंड गोला-बारूद और 33 खाली कारतूस के खोल बरामद किये।

पुलिस ने बताया कि 12 अगस्त को कांगपोकपी जिले के जौपी और खोइरोक गांवों में एक अभियान में मणिपुर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) , कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन (कोबरा) और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की संयुक्त टीम ने एक .22 राइफल, पांच सिंगल-बैरल बंदूकें, छह चार्जर के साथ चार वॉकी-टॉकी सेट, 12-बोर कारतूस के 158 राउंड और कारतूस के छह खाली खोल जब्त किये। इस अभियान के दौरान जौपी गांव के दो निवासियों, हेनमिंथंग हाओकिप (31) और जैमिनलाल किपजेन (25) को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा, 12 अगस्त को चुराचांदपुर के खेंगजांग गांव में यूकेएनए का सदस्य होने के आरोप में दो उग्रवादियों (सीसीएल) को पकड़ा गया। इन दोनों के पास से मैगज़ीन के साथ एक AK राइफल, 7.62एमएम के 12 राउंड कारतूस, मैगजीन के साथ एक 9एमएम की पिस्तौल, एक बाओफेंग रेडियो सेट और एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद की गयी।

पुलिस के अनुसार जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ खुफिया जानकारी पर आधारित अभियानों के तहत 12 और 13 अगस्त के बीच प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े कम से कम सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। मणिपुर पुलिस ने सेनापति थाना क्षेत्र में नागालैंड के मोकोकचुंग जिले के इमलियाकुम लोंगकुमर को भी गिरफ्तार किया और उसके पास से 446 ग्राम वजन के 37 साबुन के डिब्बे (जिनमें संदिग्ध नशीला पदार्थ था) और एक बोलेरो गाड़ी जब्त की।

चुराचांदपुर में, जिला पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने स्थानीय महिला नागरिक समाज संगठनों के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया और टी. खजांग गांव में चल रही अवैध शराब की भट्टी को नष्ट कर दिया। इस दौरान लगभग 2,000 लीटर स्थानीय रूप से बनी शराब जब्त की गयी। साथ ही 19 धातु के बर्तन, 24 छोटे ड्रम और सूखे यीस्ट के दो डिब्बे भी बरामद किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित