इंफाल , अगस्त 01 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने पिछले 24 घंटों में प्रदेश भर में अलग-अलग अभियान चलाकर कई उग्रवादी और नशीले पदार्थो के तस्करों को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थ और हथियार जब्त किये है।
पुलिस के अनुसार सुरक्षा बलों ने सभी जिलों के बाहरी और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और इलाके पर नियंत्रण बनाए रखने की कार्रवाई जारी रखी है।
खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए तलाशी और घेराबंदी अभियानों के दौरान थोउबल जिले से पीएलए के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया गया, जबकि तामेंगलोंग जिले में एनएच -37 के पास एनएससीएन (के) के एक सक्रिय कैडर को पकड़ा गया। पुलिस ने एनएससीएन (के) कैडर से एक बाओफेंग हैंडसेट, 13 रसीद मेमो, "गवर्नमेंट ऑफ़ द रिपब्लिक ऑफ़ नागालैंड" के नाम वाली सात आधिकारिक मुहरें और 2,800 रुपये नकद ज़ब्त किए।
अलग-अलग अभियानों में मणिपुर पुलिस ने इंफाल पूर्वी जिले में पीआरईपीएके (पीआरओ) के एक कथित कैडर, काकचिंग जिले में केसीपी (न्योन) के एक सक्रिय कैडर और चंदेल जिले से केसीपी (एमएफएल) के तीन कैडर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने नशीले पदार्थों के एक मामले में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एनडीपीएस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। यह मामला इस साल की शुरुआत में एक वाहन से ब्राउन शुगर बरामद होने से जुड़ा था।
सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्वी जिले से 56 वर्षीय एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया और उसके पास से एक हैंड ग्रेनेड और 9 एमएम के दस राउंड कारतूस बरामद किए। पुलिस का आरोप है कि वह हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल था।
एक अन्य मामले में बिष्णुपुर जिले में एक नाबालिग को पकड़ा गया। यह मामला सोशल मीडिया पर मॉर्फ्ड और नकली तस्वीरें फैलाकर नाबालिग लड़कियों को ब्लैकमेल करने से जुड़ी एफआईआर से संबंधित था।
पुलिस ने नशीले पदार्थ विरोधी अभियान के तहत जिरीबाम जिले के लेइंगांगपोकपी चेकपॉइंट पर एक कार को रोका और 5.21 किलोग्राम ब्राउन शुगर ज़ब्त की, साथ ही असम के रहने वाले ड्राइवर को गिरफ्तार किया।
एक अलग छापेमारी में पुलिस ने क्वाक्ता से 27 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया और साबुन के दो डिब्बों में छिपाकर रखी गई लगभग 70 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित