इंफाल , जुलाई 03 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में भारी मात्रा में हथियार बरामद करते हुए उग्रवादियों को गिरफ्तार किया तथा उनके चार बंकर नष्ट किए। मणिपुर पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सुरक्षा बलों ने विष्णुपुर जिले में कुम्बी थाना के तहत कुम्बी सगोलपत के पास कुम्बी सेतुपुर की तलहटी से मैगजीन के साथ एक एम-16 राइफल, मैगजीन के साथ एक 9एमएम पिस्तौल, तीन सिंगल-बैरल बंदूकें, एक पॉम्पी, पांच पॉम्पी बम, चार नंबर 36 एचई हैंड ग्रेनेड, 32 कारतूस, तीन इंसास मैगजीन और अन्य सामान बरामद किया।

सुरक्षा बलों और पुलिस ने चंदेल जिले में मोलचम थाना के तहत जौपी इलाके के चालजांग गांव में एक और अभियान के दौरान एक एके-56 असॉल्ट राइफल, पांच मैगजीन, 10 सिंगल-बोर राइफलें, चार्जर के साथ पांच बाओफेंग रेडियो सेट और दो 12-गेज शॉटगन बरामद किये।

इस बीच मणिपुर पुलिस ने इंफाल पूर्वी जिले के पोरोमपट थाना के तहत वाखा चिंग से उग्रवादियों के पास से दो .32 पिस्तौल, एक 12-बोर पंप-एक्शन बंदूक, एक डबल-बैरल बंदूक, एक सिंगल-बैरल बंदूक, पांच हैंड ग्रेनेड, तीन ग्रेनेड डेटोनेटर, एक लाथोडे शेल, दो 2-इंच मोर्टार एचई बम, पांच ट्यूब लॉचर, दो पिस्तौल मैगजीन, 86 कारतूस, 20 बैरल कारतूस, नौ खाली 7.62 एमएम कारतूस के खोल और जैकेट एवं बूट सहित सेना की वर्दी बरामद की।

अभी हाल ही में एक जुलाई को सुरक्षा बलों ने अपने अलग-अलग अभियानों में इंफाल पश्चिमी जिले के नागामापाल कांगजाबी लीराक से पीआरईपीएके के एक सदस्य और इंफाल पूर्वी जिले के लामलाई थाना के तहत संजेनबम खुलेन से आरपीएफ/पीएलए के एक सदस्य को गिरफ्तार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित