इम्फाल , अगस्त 19 -- मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को बाबूपाड़ा स्थित मुख्यमंत्री आवास पर राज्य के कई प्रसिद्ध कलाकारों से मुलाकात की।
इस मुलाकात का मकसद कला के ज़रिए राज्य के समुदायों के बीच शांति और भाईचारे का संदेश फैलाना था।
इस मौके पर श्री सिंह ने कहा कि राज्य में दो समुदायों के बीच शुरू हुआ संकट अब तीन समुदायों के बीच संघर्ष में बदल गया है। मैतेई समुदाय को 'बड़े भाई'की भूमिका निभानी चाहिए और संकट को खत्म करने की पहल करनी चाहिए।
संकट के समय कैबिनेट मंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने हेंगलेप के विधायक लेतज़ामांग हाओकिप से चुराचांदपुर ज़िले में 120 मैतेई श्रमिकों की जान बचाने में मदद करने का अनुरोध किया था और इस जिम्मेदारी को विधायक ने पूरी ईमानदारी से निभाया था। उन्होंने कहा कि इसलिए, कुछ लोगों की गलतियों के लिए पूरे समुदाय को दोषी ठहराना गलत है। राज्य के अलग-अलग समुदायों के बीच विश्वास और प्यार फिर से कायम करने के लिए संकट के दौरान पैदा हुई दूरियों को खत्म करना ज़रूरी है। जिरीबाम ज़िले में हालात सामान्य हो गये हैं और अब सभी समुदाय बिना किसी शक-ओ-शुबहा के शांति से एक-साथ रह रहे हैं।
श्री सिंह ने राज्य में ने राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनसीआर ) लागू करने के लिए सरकार के समर्थन को भी दोहराया और सरकार के सामने यह मुद्दा उठाने के लिए कलाकारों की तारीफ़ की।
इस मौके पर कला एवं संस्कृति मंत्री खुराईजाम लोकेन सिंह ने कहा कि सरकार सभी कलाकारों की मदद के लिए तैयार है और उनसे राज्य के लोगों की एकता के लिए काम करने का आग्रह किया।
बैठक में कई कलाकारों ने अपनी राय रखी। शुमांग लीला कलाकार शौगराकपम हेमंता ने कहा कि राज्य के समुदायों के बीच पहले से चले आ रहे पुराने रिश्तों को फिर से जीवित करना ज़रूरी है। उन्होंने 'ई मणिपुरी नी' (मैं मणिपुरी हूँ) नाम का एक नाटक करने का सुझाव दिया। अभिनेता गोकुल अथोकपम ने कहा कि कलाकार अलग-अलग समुदायों से मिलने-जुलने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग - 2 पर यात्रा करने को तैयार हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह सुरक्षा के उचित इंतज़ाम करे और नाटक या संगीत कार्यक्रम करने के लिए सब्सिडी वाली दरें भी उपलब्ध कराये। सिंगर कोंथौजम बोबिन ने कहा कि उन्हें राज्य में एकता लाने में योगदान देने पर गर्व है। उन्होंने सभी कलाकारों से अपील की कि वे समुदायों के बीच प्यार के बंधन को मज़बूत करने के लिए एकजुट रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित