इंफाल , अगस्त 10 -- मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्य की मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए गठित यूनिफाइड कमांड की सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए हालात का जायजा लिया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में सोमवार को यहां हुई बैठक में पूरे प्रदेश में सुरक्षा हालात का जायजा लिया गया, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा इंतजामों पर खास तौर पर ध्यान दिया गया।
बैठक में मुख्य सचिव डॉ. पुनीत कुमार गोयल, सलाहकार (सुरक्षा) कुलदीप सिंह, पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह, एडीजीपी (इंटेलिजेंस) लहरी दोरजी ल्हातू, मेजर जनरल गौरव शर्मा, आईजीएआर (दक्षिण), मेजर जनरल शुभंकर बसु, जीओसी 57 माउंटेन डिवीजन और आईजी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपी एम एंड एन क्षेत्र ) राजेंद्र नारायण दास शामिल हुए।
इसके अलावा बैठक में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। इनमें गृह मंत्रालय के तहत सहायक खुफिया ब्यूरो (एसआईबी ) के संयुक्त निदेशक, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के उप महानिरीक्षक, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी ) के कमांडेंट और मणिपुर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी ) के कमांडिंग ऑफिसर शामिल थे। बैठक के बाद, मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के प्रतिनिधियों के साथ एक और उच्च-स्तरीय बैठक की। इसमें इंफाल-गुवाहाटी और इंफाल-दीमापुर बस सेवाओं को फिर से शुरू करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित