इंफाल , अप्रैल 10 -- मणिपुर सरकार ने शुक्रवार को लोगों को जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए सुबह 5 बजे से 9 बजे तक कर्फ्यू में चार घंटे की ढील दी लेकिन इंटरनेट पर प्रतिबंध जारी है।
गौरतलब है कि पांच जिलों- इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध अभी भी जारी है।
मणिपुर पुलिस ने गुरुवार को इंफाल पूर्व जिले में कर्फ्यू के नियमों का उल्लंघन करने और सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच जारी है।
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे कर्फ्यू के नियमों का सख्ती से पालन करें और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ सहयोग करें।
शुक्रवार को कर्फ्यू में ढील के समय भारी बारिश हुई लेकिन इससे भी लोग सब्जियां और अन्य जरूरी चीजें खरीदने से पीछे नहीं हटे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित