इम्फाल , अगस्त 19 -- मणिपुर में जनगणना से पहले राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को अद्यतन करने की मांग को लेकर 'कैंपेन फॉर जस्ट एंड फेयर डिमार्केशन' (जेएफडी) संगठन के बुलाए गए 48 घंटे के आम बंद से बुधवार को दूसरे दिन भी राज्य भर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। यह बंद बुधवार मध्यरात्रि समाप्त हो जाएगा।

इस बंद को विभिन्न नागा, मुस्लिम और मैतेई नागरिक समाज संगठनों का समर्थन प्राप्त था। गत 17 अगस्त की मध्यरात्रि से शुरू हुए बंद के कारण लगातार दूसरे दिन दुकानें, बाजार, स्कूल, कॉलेज, बैंक और ईंधन स्टेशन बंद रहे तथा सार्वजनिक परिवहन सड़कों से नदारद रहा।

प्रदर्शनकारियों ने इम्फाल पूर्व और इम्फाल पश्चिम सहित कई क्षेत्रों में बांस के खंभों और पत्थरों से सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। वहीं जिरीबाम जिले में नागरिक समाज संगठनों, छात्र निकायों और मैरा पैबिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-37 को बाधित किया, जिससे इम्फाल और जिरीबाम के बीच संपर्क प्रभावित हुआ।

प्रदर्शन के दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को कई स्थानों पर आंसू गैस के गोले और मॉक बम छोड़ने पड़े, जिससे कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जेएनआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित