इंफाल , अप्रैल 09 -- संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान के दो बच्चों की हत्या करने के बाद गुरुवार को राज्य में उग्रवादियों के विरुद्ध विशेष रूप से चुराचांदपुर जिले में तलाशी अभियान जारी रहा।

क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और इंफाल पूर्वी तथा पश्चिमी, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं। जिन जिलों में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध के साथ कर्फ्यू लगा हुआ है, वहां गुरुवार को होने वाली सभी परीक्षाएं और मुख्य कार्यक्रम रद्द कर दिये गये। सभी बाजार बंद रहे और इंफाल के संपूर्ण मुख्य बाजार की सुरक्षाकर्मियों ने घेराबंदी की। रणनीतिक स्थानों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं। चुराचांदपुर जिले में मंगलवार को 'यूनाइटेड कुकी नेशनल फ्रंट' (यूकेएनएफ) के तीन उग्रवादियों को पकड़ा गया था।

पुलिस ने इन तीनों की पहचान जमपाओ कुकी, ससांग और पॉललेम वैफई के रूप में की है। उनके पास से सुरक्षा बलों ने एक ए.के.-47 राइफल (मैगजीन और 25 गोलियों के साथ), एक पिस्तौल (दो मैगजीन और 15 गोलियों के साथ), 20,100 रुपये नकद और 21.19 किलोग्राम कच्ची अफीम से भरी दो बोरियां बरामद की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित