इम्फाल , मई 25 -- मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर पुलिस के लिए खरीदे गये 477 नये वाहनों को फर्स्ट बटालियन मणिपुर राइफल्स परेड ग्राउंड में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन वाहनों को केंद्र सरकार की 'पुलिस आधुनिकीकरण के लिए राज्यों को सहायता' योजना के तहत खरीदा गया था, जिसके लिए गृह मंत्रालय द्वारा 31 अक्टूबर 2025 को 196.61 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई थी।
इस बेड़े में 100 हीरो मोटरसाइकिलें, 39 बोलेरो बी-6 वाहन, 50 बोलेरो नियो वाहन, 74 टाटा योद्धा वाहन, 10 माइन प्रोटेक्टेड वाहन (सुरंग रोधी वाहन), 20 टाटा ट्रक, 30 टाटा 407 वाहन, 20 महिंद्रा बसें, 60 बुलेटप्रूफ रक्षक वाहन, 19 पानी के टैंकर, 50 बोलेरो कैंपर वाहन और पांच एचएमआर वाहन शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव सिंह के अनुसार, 54 प्रतिशत वाहन पहाड़ी जिलों को आवंटित किए जाएंगे, जबकि शेष 46 प्रतिशत घाटी के जिलों में तैनात किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बड़े पैमाने पर वाहनों को शामिल करना मणिपुर के पुलिस इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। तीन मई 2023 को भड़की जातीय हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य पुलिस की सराहना की कि उन्होंने और अधिक हिंसा को रोकने तथा स्थिति सामान्य करने के लिए व्यक्तिगत जोखिम उठाकर पूरी निष्ठा और साहस के साथ अपने कर्तव्यों का पालन किया।
श्री सिंह ने पुलिस आधुनिकीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा, "पुलिस बल को मजबूत किए बिना कोई भी राज्य या देश शांति और सुरक्षा बनाए नहीं रख सकता।" उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान सरकार ने पुलिस कर्मियों के लंबे समय से लंबित राशन भत्ते और वर्दी भत्ते में संशोधन किया है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में निरंतर सहयोग के लिए सेना, असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनता से आंदोलनों और रैलियों के दौरान हिंसा तथा उकसावे वाली गतिविधियों से दूर रहने की भी अपील की और समाज के सभी वर्गों से शांति व सद्भाव के लिए काम करने का आग्रह किया।
गृह मंत्री गोविंददास कोंथौजाम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वाहनों को हरी झंडी दिखाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की देश भर में पुलिस व सुरक्षा बलों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राज्य गृहमंत्री ने जनता और पुलिस के बीच संबंधों के महत्व पर जोर दिया और कर्मियों से नागरिकों के लिए सुलभ व सुगम बने रहने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी अप्रिय घटना को होने से पहले रोकने के लिए मजबूत खुफिया जानकारी जुटाना और जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित