इम्फाल , जुलाई 22 -- कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नयी दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं को मंगलवार को "गैर-कानूनी और मनमाने ढंग से हिरासत में लेने" की निंदा की।

एमपीसीसी अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह, मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री और सीडब्ल्यूसी सदस्य गैखांगम, सीएलपी नेता कीशम मेघाचंद्र सिंह, पूर्व मंत्री रंजीत कंगुजम, पूर्व अध्यक्ष थोकचोम लोकेश्वर सिंह, विधायक सुरजाकुमार ओकराम और अन्य नेताओं ने कांग्रेस कार्यालय से लोक भवन तक निकाली गई रैली में भाग लिया।

एक प्रतिनिधिमंडल ने इम्फाल स्थित राज्यपाल के निवास लोक भवन में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि श्री गांधी को दिल्ली पुलिस ने 21 जुलाई को प्रधानमंत्री आवास के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन का नेतृत्व करने के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य पार्टी नेताओं के साथ हिरासत में ले लिया था।

यह प्रदर्शन पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों पर जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर किया जा रहा था, जो इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित