इम्फाल , मई 22 -- मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को जनता से बंद, नाकेबंदी और हड़तालों से दूर रहने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से दिहाड़ी मजदूरों और श्रमिकों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचता है, इसलिए सरकार के खिलाफ किसी भी तरह की शिकायतों का समाधान विरोध के बजाय चर्चा और बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह अपील इम्फाल पश्चिम जिले के लामसांग विधानसभा क्षेत्र के तहत तीन पुलों अखम पुल, सलाम पुल और मकलंग का उद्घाटन करने के दौरान की।
श्री खेमचंद सिंह ने कहा कि उन्हें राज्य के विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास पैदा करने और यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है कि अलग-अलग समुदायों के लोग एक-दूसरे के इलाकों में बिना किसी रोक-टोक के आ-जा सकें।
अखम गांव में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने जिरिबाम जिले के अपने हालिया दौरों को याद किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने वहां की दो बार यात्रा की। एक बार हेलीकॉप्टर से और दूसरी बार सड़क मार्ग से। वहां उन्होंने हमार, कुकी, पैते और मैतेई समेत विभिन्न समुदायों को एक साथ बैठे और शांति बनाये रखने का संकल्प लेते देखा।
उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि निवासी अब अपने गांवों में लौट रहे हैं और इस जिले में हमार तथा कुकी गांव, मैतेई गांवों के पड़ोस में ही स्थित हैं।
उन्होंने कहा कि जिरिबाम से लौटने के कुछ ही समय बाद बिष्णुपुर जिले के त्रोन्गलाओबी गांव में बम विस्फोट हुआ। इसमें दो मासूम बच्चों की जान चली गयी। उन्होंने इस घटना को न केवल मणिपुर और भारत, बल्कि पूरी दुनिया के लिए बड़ी त्रासदी बताया।
अखम गांव के स्थानीय क्लब के एक ज्ञापन का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने निवासियों को आश्वासन दिया कि स्थानीय विधायक के साथ विचार-विमर्श कर एक सामुदायिक भवन (कम्युनिटी हॉल) का निर्माण कराया जायेगा। इसके साथ ही, लघु सिंचाई विभाग के इंजीनियरों के व्यवहार्यता मूल्यांकन पूरा करने के बाद वहां एक बांध भी बनाया जायेगा।
मकलंग में श्री खेमचंद सिंह ने घोषणा की कि पटसोई लामखाई से मणिपुर ओलंपियन पार्क, संगैथेल तक की सड़क को विकसित किया जायेगा और अगले विधानसभा चुनाव से पहले इसका काम पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि महिला विक्रेताओं के लिए एक मार्केट शेड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है, जिसे जमा करते ही मंजूरी दे दी जायेगी। इसके अलावा, उन्होंने इलाके में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित करने पर विचार करने का भी वादा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित