इंफाल , सितंबर 03 -- मणिपुर कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के. मेघचंद्र सिंह के थौबल जिले के यैरिपोक स्थित बिश्नुनाहा आवास के पास गुरुवार देर शाम बम विस्फोट की घटना सामने आयी।

श्री सिंह के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) इबोचौबा थौनाओजम द्वारा जारी बयान के अनुसार, विस्फोट रात करीब 8.15 बजे कांग्रेस नेता के आवास के मुख्य द्वार के पास हुआ। आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने विस्फोटक वहां फेंका था।

घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान और संदिग्ध हमले के कारण का अभी पता नहीं चल सका है। विस्फोट के कुछ ही समय बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया।

गुरुवार देर रात तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना में किसी बड़े नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अब तक किसी व्यक्ति या संगठन ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित