इंफाल , मई 21 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस के चलाये जा रहे लगातार अभियानों के तहत अलग-अलग जिलों में उग्रवादी कैडरों, मादक पदार्थ तस्करों तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी है, जिसमें म्यांमार के एक नागरिक सहित कई लोग शामिल हैं। साथ ही भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थ भी बरामद किये गये हैं।
पुलिस के अनुसार, एक अभियान में मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले से प्रतिबंधित संगठन के दो कैडरों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक इंसास लाइट मशीन गन (एलएमजी), तीन मैगजीन और 14 कारतूस बरामद किये गये।
एक अन्य कार्रवाई में 19 मई को इंफाल पूर्व जिले में एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह 20 मई को चुराचांदपुर जिले के सिंघंगट थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-102बी पर सुरक्षा बलों ने दो व्यक्तियों को पकड़ा, जिनमें एक म्यांमार का नागरिक भी शामिल है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान म्यांमार के फाइमुआल गांव निवासी खुपसियानखाई वुआलनाम तथा चुराचांदपुर जिले के स्वांगदाई गांव निवासी डोकहानलाल थांगसिंग के रूप में की गयी है।
इनसे लगभग 2.127 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन (ब्राउन शुगर) के 55 साबुन केस तथा एक केनबो मोटरसाइकिल बरामद की गयी।
एक अन्य मामले में इम्फाल पूर्व जिले के इरिलबुंग पुलिस स्टेशन चेक गेट पर तलाशी अभियान के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीमा स्तंभ संख्या 72 और 73 के बीच के सामान्य क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया। बरामद सामग्री में एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), एक 9 एमएम पिस्टल, चार रेडियो सेट, एक चार्जर तथा चार आईईडी शामिल हैं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित