चंडीगढ़ , मई 20 -- शिरोमणि अकाली दल ने मजीठा के पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) कमलमीत सिंह के खिलाफ पार्टी विधायक के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर राज्य चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने अधिकारी के तत्काल तबादले और विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह क्लेर ने राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी को शिकायत सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि डीएसपी सिंह ने मजीठा की विधायक गनिवा कौर मजीठिया के साथ दुर्व्यवहार किया और आम आदमी पार्टी (आप) के क्षेत्र प्रभारी के एजेंट की तरह काम किया।

श्री क्लेर ने कहा कि अधिकारी के कथित दुर्व्यवहार का वीडियो पहले ही सार्वजनिक हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम चुनावों के नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने से पहले ही डीएसपी ने परिणाम घोषित करने जैसी टिप्पणी की, जबकि यह जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी (एसडीएम) और रिटर्निंग अधिकारी की होती है।

शिकायत में कहा गया है कि जांच वाले दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों और प्रतिनिधियों को भीषण गर्मी में अपराह्न दो बजे तक इंतजार करवाया गया, जबकि एसडीएम सह रिटर्निंग अधिकारी ने जांच परिणाम की सूची रात आठ बजे जारी की। इसके विपरीत आप के उम्मीदवार शाम छह बजे ही खुद को निर्विरोध निर्वाचित घोषित करने लगे थे।

श्री क्लेर ने आरोप लगाया कि इससे स्पष्ट होता है कि डीएसपी आप नेताओं के निर्देशों पर काम कर रहे थे और क्षेत्र में चुनावी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने राज्य चुनाव आयोग से मांग की कि अधिकारियों को राजनीतिक दबाव में गैरकानूनी कार्य करने से रोका जाए, अन्यथा शिअद अदालत का रुख करेगा।

मीडिया के एक सवाल के जवाब में श्री क्लेर ने कहा कि आप के नेता मनीष सिसोदिया पहले ही "साम, दाम, दंड, भेद" की नीति अपनाकर दोबारा सत्ता हासिल करने की बात कह चुके हैं और यही नीति नगर निकाय चुनावों में लागू की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित