पंतनगर , सितंबर 21 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से उत्तराखंड समृद्ध बनेगा।

श्री धामी ने यह बात सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में सहकार भारती उत्तराखंड द्वारा आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सहकारिता को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर की ज्ञानभूमि से सहकारिता को नई दिशा देने वाली अनेक महत्वपूर्ण पहल प्रारंभ की गई हैं - इनमें सहकार ग्रंथ का लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ की पहल, सहकारिता क्षेत्र में नए पाठ्यक्रम की शुरुआत, युवाओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया रील्स अभियान तथा एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शामिल हैं। उन्होंने इन पहलों के लिए सहकारिता विभाग, पंतनगर विश्वविद्यालय और सहकार भारती को शुभकामनाएं दीं।

श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को 'सहकार से समृद्धि' की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य में सहकारिता पलायन रोकने, पर्वतीय कृषि मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार दिलाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

उन्होंने बताया कि पैक्स राज्य की सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम व प्रभावी बनाया जा रहा है। सरकार एम-पैक्स के माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं, युवाओं के लिए नए अवसर तथा ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसान, युवा और मातृशक्ति - सभी को सहकारिता से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित न रखकर इसे जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि इसका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित