चंडीगढ़ , मई 01 -- मजदूर दिवस पर बुलाये गये पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोला।

आप नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों का रवैया मजदूर विरोधी, गरीब विरोधी और अवसरवादी राजनीति को दर्शाता है, जबकि आप सरकार लगातार जनहित नीतियों को प्राथमिकता दे रही है।

कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने चुनावों के बाद वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में 994 रुपये बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह फैसला मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर सीधा हमला है तथा इसका असर सस्ते भोजन और खाद्य उद्योग पर पड़ेगा।

श्री चीमा ने विधानसभा के विशेष सत्र से कांग्रेस के बहिर्गमन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इससे उसकी दलित विरोधी और गरीब विरोधी मानसिकता उजागर हुई है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान के अल्कोहल परीक्षण की मांग को बेबुनियाद बताते हुए इसे मुख्यमंत्री को बदनाम करने की साजिश करार दिया। प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि विशेष सत्र बेअदबी रोकने और मजदूरों के अधिकारों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाया गया था, लेकिन भाजपा गैरहाजिर रही और कांग्रेस ने हंगामा कर बहिर्गमन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मजदूरों की पीठ में छुरा घोंपा है।

मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि भाजपा द्वारा विधानसभा के बाहर समानांतर सत्र आयोजित करना यह दिखाता है कि उसके पास सदन के भीतर संख्या बल नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पंजाब में कभी सरकार नहीं बना पाएगी।

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि मजदूर वर्ग ईमानदारी से अपना कर्ज चुकाता है, जबकि विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे लोग अरबों रुपये लेकर भाग गये। उन्होंने इसे पुराने तंत्र की विफलता बताया। विधायक लाभ सिंह उगोके ने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकारों के दौरान अनुसूचित जाति विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति में घोटाले हुए, जबकि आप सरकार ने समय पर भुगतान सुनिश्चित किया है।

विधायक अनमोल गगन मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने उनके जैसे नेताओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है और पार्टी के कार्यकर्ता अंतिम सांस तक पार्टी की विचारधारा के साथ खड़े रहेंगे।

पार्टी नेता बलतेज सिंह पन्नू ने भाजपा की समानांतर "लोक विधानसभा" को राजनीतिक स्टंट बताया और कहा कि जिस दल का विधानसभा में प्रतिनिधित्व नहीं है, वह केवल प्रचार के लिए ऐसे आयोजन कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब आज सबसे सुरक्षित राज्यों में से एक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित